जीवन में देखने की दो दृष्टियां
अब जो अष्टावक्र की कथा को देखेगा , वह सुनते से ही कह देगा : ‘ गलत! असंभव! ’ यह तो कथा जिन्होंने लिखी है उनको भी पता है कि कहीं कोई गर्भ से बोलता है! वे तो केवल इतना कह रहे हैं कि जो आखिर में प्रगट हुआ वह गर्भ में मौजूद रहा होगा ; जो वाणी आखिर में खिली वह किसी न किसी गहरे तल पर गर्भ में भी मौजूद रही होगी , अन्यथा खिलती कहां से , आती कहां से ? शून्य से थोड़े ही कुछ आता है! हर चीज के पीछे कारण है। नहीं देख पाये हों हम , लेकिन था तो मौजूद। ये सारी कथाएं इसी का सूचन देती हैं। अष्टावक्र के संबंध में दूसरी बात जो ज्ञात है , वह है जब वे बारह वर्ष के थे। बस दो ही बातें ज्ञात हैं। तीसरी उनकी अष्टावक्र — गीता है ; या कुछ लोग कहते हैं ‘ अष्टावक्र — संहिता ’ । जब वे बारह वर्ष के थे तो एक बड़ा विशाल शास्त्रार्थ जनक ने रचा। जनक सम्राट थे और उन्होंने सारे देश के पंडितों को निमंत्रण दिया। और उन्होंने एक हजार गायें राजमहल के द्वार पर खड़ी कर दीं और उन गायों के सींगों पर सोना मढ़ दिया और हीरे — जवाहरात लटका दिये , और कहा , ‘ जो भी विजेता होगा वह इन गायों को हांक कर ले जाये। ’ बड़ा विवाद हुआ! अष्...